मैं किसी पद की दौड़ में नहीं रहा, CM की कुर्सी के चाहवान भी संयम बरतें: कुलदीप सिंह राठौर…..

शिमला : पहाड़ी खेती, समाचार( 24, नवम्बर)अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल नेताओं को संयम बरतने की सलाह दी है। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राठौर ने कहा कि अभी विधानसभा चुनाव के नतीजे आने हैं। वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य हैं और दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए गए थे। वह कभी भी किसी पद की दौड़ में नहीं रहे। पार्टी हाईकमान ने उन्हें जो जिम्मेदारियां सौंपी उसका सही तरीके से निर्वहन किया है।
ठियोग से कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप राठौर ने कहा कि हिमाचल में चुनावी नतीजे कांग्रेस के पक्ष में होंगे। कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। भाजपा की रीत रही है कि वह जनमत को प्रभावित करते हैं। भाजपा खरीद-फरोख्त में विश्वास रखती है। भाजपा हिमाचल में भी इस तरह की खरीद-फरोख्त कर सकती है, लेकिन हिमाचल में कांग्रेस का कोई भी विधायक प्रलोभन में नहीं आने वाला।
भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से केंद्र सरकार आतंकित है। समाज का हर वर्ग इस यात्रा में शामिल हो रहा है। यह प्यार आने वाले समय में भाजपा सरकार को घातक साबित होगा। हिमाचल में 12 नवंबर को पिछली बार से ज्यादा मतदाताओं ने मतदान किया है जो सत्ता विरोधी रुझान को दर्शाता है।
कांग्रेस का विजय रथ नगर निगम चुनाव से शुरू हुआ। उपचुनाव भी जीते। चुनाव में महंगाई व बेरोजगारी का मुद्दा अहम रहा। पांच सालों में विकास कार्य रुके हैं। कांग्रेस चुनाव जीतेगी।
राठौर ने कहा कि प्रदेश में बीजेपी की सिर्फ 23 सीट आ रही है। ये आंकड़े बीजेपी के हैं। चुनाव में धनबल व सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग हुआ। कांग्रेस की रैलियों में अपेक्षा से ज्यादा भीड़ जुटी।
About The Author
