अध्यक्ष-उपाध्यक्ष बनाने को लेकर हिमाचल कांग्रेस में खींचतान, इन बड़े नेताओं के बीच हो सकती है जोर आजमाइश, पढ़ें पूरी खबर…..

Spread the love

शिमला: पहाड़ी खेती, समाचार (12, मई )हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नेताओं के बीच में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सरकार में बनाने को लेकर जंग छिड़ गई है। प्रदेश कांग्रेस के दोनों ही दलों के बड़े नेता हाईकमान को अपनी-अपनी लिस्ट सौंप आए हैं। इस लिस्ट में दोनों ने एक एक दर्जन अपने नजदीकी नेताओं के नाम दिए हैं। अब कांग्रेस के भीतर राज्य सरकार के विभिन्न निगम व बोर्डों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद को लेकर जंग तेज होने की उम्मीद दिख रही है।

हिमाचल प्रदेश में वर्तमान में राज्य परिवहन निगम सभी जिलों की एपीएमसी मार्केटिंग बोर्ड राज्य प्रदूषण बोर्ड से लेकर 2 दर्जन के करीब ऐसे बोर्ड निगम खाली पड़े हैं जिन्हें अपने चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का इंतजार है।

मेयर-डिप्टी मेयर को लेकर भी खींचतान

प्रतिभा सिंह और सीएम सुक्खू में मेयर-डिप्टी मेयर के पद को लेकर खींचतान चल रही है। प्रतिभा सिंह चाहती हैं कि डिप्टी मेयर पर उनकी पसंद की महिला को चुना जाए, जबकि सीएम सुक्खू चाहते हैं कि उन्हीं के गुट से मेयर और डिप्टी मेयर बने। मेयर पोस्ट के लिए सीएम सुक्खू के दोस्त सुरेंद्र चौहान रेस में सबसे आगे हैं और माना जा रहा है कि वह ही मेयर बनेंगे। लेकिन प्रतिभा सिहं डिप्टी मेयर के लिए महिला की पैरवी कर रही हैं।

बताया जा रहा है कि हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने हाईकमान से मिलकर अपने अपने नजदीकी नेताओं को इन पदों पर ताजपोशी की पैरवी की है। अब हाईकमान ने इन दोनों धड़ों में किस तरह सामंजस्य बिठाते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की तैनाती पर फैसला लेना है, इस पर सभी की नजर रहेगी।

बताते चलें कि सुक्खू और वीरभद्र सिंह में 36 का आंकड़ा था। 2012 में वीरभद्र सिंह के सीएम बनने के बाद सुक्खू प्रदेशाध्यक्ष थे। अगले पांच साल तक सरकार और सगंठन में कभी भी नहीं बनी। यहां तक कि सावर्जनिक मंचों पर भी सुक्खू और वीरभद्र सिंह में कई बार तनातनी देखने को मिली। फिर 2022 के विधानसभा चुनाव में सीएम पद को लेकर प्रतिभा सिंह और सुक्खू के नाम पर खींचतान हुई।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार को सत्ता संभाले हुए 5 महीने का वक्त हो गया है। पूर्व दिवंगत सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी और सांसद प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में बीता विधानसभा चुनाव 2022 लड़ा गया। कांग्रेस ने 40 सीटें जीतीं। इस दौरान सुखविंदर सिंह सुक्खू  कांग्रेस कैंपेन कमेटी प्रेसिडेंट थे। बाद में उन्हें सूबे की कमान मिली और वह सीएम भी बने। लेकिन इससे पहले, सीएम की कुर्सी को लेकर प्रतिभा सिंह गुट और सुक्खू गुट में काफी खींचतान देखने को मिली। सुक्खू सीएम तो बन गए लेकिन अब भी सरकार और सगंठन में गुटबाजी और खींचतान चल रही है।

प्रदेश कांग्रेस में अध्यक्ष बदलने की अटकलें शुरू..

इसी बीच अब प्रदेश कांग्रेस में अध्यक्ष बदलने की अटकलें चलने लग गई हैं। चर्चाएं हैं कि प्रतिभा सिंह को हटाया जाएगा। तीन दिन पहले दिल्ली में सीएम सुक्खू, हाईकमान और प्रतिभा सिंह के बीच मीटिंग भी हुई है। मीटिंग में प्रदेशाध्यक्ष बदलने, शिमला नगर निगम चुनाव में मेयर-डिप्टी मेयर चुनाव को लेकर मंथन हुआ है। हालांकि, कांग्रेस की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है। 

साभार: एजेंसियां, सोशल मीडिया नेटवर्क।

You may have missed