हिमाचल: आज से भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी, लम्बा चल सकता है मूसलाधार वर्षा का दौर….

शिमला : पहाड़ी खेती, समाचार( 28, जुलाई ) हिमाचल प्रदेश में गत दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिससे नदी नाले उफान पर हैं। प्रदेश में आज से मौसम विभाग ने भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है।
इससे राज्य के अधिकांश भागों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है कि अगस्त के पहले सप्ताह में भी मानसून इसी तरह से सक्रिय रहेगा। जनजातीय जिलों को छोड़कर शेष प्रदेश में भारी बारिश होगी। धुंध का प्रभाव रहेगा। कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा से बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है।
लाहुल घाटी के तोजिंग नाला में बुधवार दोपहर बाद अचानक आई बाढ़ में मोटरसाइकिल बह गया। गनीमत यह रही कि चालक बहने से बच गया। मोटरसाइकिल सवार कुलदीप मंडी जिले के चच्योट के रेया गांव का रहने वाला है। रोहली के पास भूस्खलन से तांदी-संसारी मार्ग बंद हो गया है। इससे कई जगह लोग फंस गए हैं। बीआरओ सड़क बहाली में जुटा है। वहीं, मंगलवार को मयाड़ नाले में आई बाढ़ ने ग्रामीणों की दिक्कत बढ़ा दी है।
बाढ़ से करपट के पास नाले का बहाव रुक गया है। ग्रामीण घर छोडऩे को मजबूर हो गए हैं। प्रशासन ने उन्हें टेंट मुहैया करवाए हैं। ग्रामीणों को जंगल में शरण लेनी पड़ी है। बाढ़ से पैदल पुलिया भी बह गई है। स्कूल में पानी भर गया है। मटर व गोभी को भी नुकसान हुआ है।
वहीं, मंडी जिले के सराज में विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। लोगों को बिजली कट का सामना करना पड़ रहा है। उधर, किन्नौर जिला में थांगी में बाढ़ आने से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
साभार: एजेंसियां, जागरण, सोशल मीडिया नेटवर्क।

About The Author
