हिमाचल प्रदेश: 10 जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी, भूस्खलन से दर्जनों सड़कें बंद…….

शिमला : पहाड़ी खेती, समाचार( 02, अगस्त )हिमाचल प्रदेश में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज मंगलवार को लाहुल स्पीति व किन्नौर को छोड़ बाकी दस जिलों में आंधी चलने, वर्षा होने के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है।
इसके बाद कुछ ही क्षेत्रों में वर्षा होने का अनुमान है। आने वाले दिनों में भारी बारिश से कुछ राहत मिल सकती है। प्रदेश में 14 मकानों और चार पशुशालाओं को भारी वर्षा से नुकसान हुआ है। 48 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। प्रदेश में सोमवार को भी कई स्थानों पर वर्षा हुई। कुफरी में 17, सिरमौर के धौलाकुआं में 4.5 मिलीमीटर वर्षा हुई। प्रदेशभर में 55 ट्रांसफार्मर खराब होने से विद्युत आपूर्ति बाधित है। कुल्लू में 40, चंबा में 10 और मंडी में पांच ट्रांसफार्मर खराब हैं।
भारी वर्षा होने से रविवार शाम काजा-मनाली सड़क पर डोहरनी नाला में बाढ़ आने से फंसे 105 पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया है। 30 पर्यटक व चालक अभी छतड़ू में फंसे हैं। मलबे की चपेट आई दिल्ली नंबर की कार का चालक भी सुरक्षित है। उपायुक्त लाहुल स्पीति सुमित किमटा ने बताया कि एचआरटीसी की बस सहित कई वाहन फंसे थे। विदेशी महिला व 12 बच्चों सहित कुल 105 यात्रियों को रेस्क्यू कर लिया गया है। इनमें दिल्ली, कर्नाटक, बंगाल, पंजाब व हरियाणा के लोग शामिल हैं।
वहीं, मंडी जिला के शानन प्रोजेक्ट में 20 घंटे व बस्सी में 17 घंटे विद्युत उत्पादन ठप रहा। बरोट स्थित परियोजना के बांध में गाद आने से विद्युत उत्पादन बंद करना पड़ा। इससे पंजाब की जोगेंद्रनगर स्थित शानन व बस्सी स्थित हिमाचल की विद्युत परियोजना को डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग मनाली-कीरतपुर पर ब्यास नदी का पानी बहने से रोका गया यातायात 12 घंटे बाद बहाल हुआ। रविवार को दवाड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग ब्यास का पानी बहने लगा था।
कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)
स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
शिमला,16.2, 21.6
सुंदरनगर,20.0, 30.6
भुंतर,17.8, 28.0
कल्पा,11.8, 19.6
धर्मशाला,16.0, 26.8
ऊना,21.0, 32.8
नाहन,22.1, 26.3
केलंग,9.1, 15.3
सोलन,19.8, 26.5
साभार: एजेंसियां, जागरण, सोशल मीडिया नेटवर्क।

About The Author
