राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आज : द्रौपदी मुर्मू की जीत तय, पहली बार विजय जुलूस निकलेगा; 1 लाख 30 हजार आदिवासी गांवों में भाजपा मनाएगी जश्न, पढ़े पूरी खबर…..

IMG_20220718_082938
Spread the love

नई दिल्ली: पहाड़ी खेती, समाचार( 21, जुलाई ) देश के 15वें राष्ट्रपति का इंतजार आज खत्म हो जाएगा। आज सुबह 11 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी। आज ही रिजल्ट आ जाएगा। राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को वोटिंग हुई थी। NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के बीच कहने को तो सीधा मुकाबला है, लेकिन द्रौपदी मुर्मु की जीत लगभग तय है। इसी के चलते भाजपा ने देश के 1.30 लाख आदिवासी गांवों में जश्न की तैयारी कर ली है।

मुर्मू की जीत को लेकर आश्वस्त भाजपा नतीजे आने के बाद दिल्ली में विजय जुलूस निकालेगी। ऐसा पहली बार होगा, जब राष्ट्रपति की जीत के बाद जुलूस निकाला जाएगा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा राजपथ तक इस जुलूस की अगुवाई करेंगे। वहीं भाषण देंगे। पहली बार आदिवासी महिला के राष्ट्रपति चुने जाने का श्रेय पीएम मोदी को देंगे। हालांकि जुलूस में मुर्मू शामिल नहीं होंगी।

द्रौपदी की जीत से राजनीतिक मैसेज देने की तैयारी

द्रौपदी मुर्मू की जीत की घोषणा होते ही देशभर में जश्न शुरू हो जाएगा। द्रौपदी की जीत से बीजेपी आदिवासी समुदाय सहित पूरे देश और खासतौर पर महिलाएं में खास संदेश देना चाहती है। जिससे मुख्य धारा से कटे इस समुदाय में राजनीतिक मैसेज जाए कि प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी ही ऐसी पार्टी है जो सत्ता के लिए नहीं बल्कि देश के वंचित तबकों और वर्गों के लिए काम करते हैं।

यही वजह है कि पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत के बाद पोस्टर में द्रौपदी मुर्मू के साथ किसी और नेता की तस्वीर न लगाने के सख्त निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि पार्टी राष्ट्रपति चुनाव से ही 2024 में होने वाले आम चुनाव की तैयारी में जुट गई है।

इसलिए मुर्मू की जीत तय मानी जा रही

भाजपा ने 21 जून को मुर्मू को उम्मीदवार बनाया था, तब एनडीए के खाते में 5 लाख 63 हजार 825 यानी 52% वोट थे। 24 विपक्षी दलों के साथ होने पर सिन्हा के साथ 4 लाख 80 हजार 748 यानी 44% वोट माने जा रहे थे। बीते 27 दिन में कई गैर एनडीए दल समर्थन में आने से मुर्मू को निर्णायक बढ़त मिल गई। सभी 10 लाख 86 हजार 431 वोट पड़ते हैं तो मुर्मू को 6.67 लाख (61%) से अधिक वोट मिलेंगे। सिन्हा के वोट घटकर 4.19 लाख रह गए। जीत के लिए 5 लाख 40 हजार 065 वोट चाहिए।

25 को शपथ ग्रहण

21 जुलाई को वोटों की गिनती के बाद देश के नए राष्ट्रपति की घोषणा कर दी जाएगी। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई की मध्य रात्रि को खत्म हो रहा है। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा।

द्रौपदी मुर्मू

20 जून 1958 को ओडिशा के एक गांव के मुखिया के यहां जन्म हुआ। स्नातक तक पढ़ाई की।

1979 से 1983 तक सिंचाई विभाग में जूनियर असिस्टेंट बनीं। 1994 से 1997 तक शिक्षक रहीं।

1997 में राजनीति में उतरीं। रायरंगपुर नगर पालिका से भाजपा पार्षद बनीं। चेयरपर्सन भी बनीं।

पति बैंक कर्मचारी थे। पति और दो बेटों की मौत के बाद बेटी इतिश्री मुर्मू ही हैं। इति भी बैंक कर्मचारी हैं।

सबसे अधिक अंतर से जीते राष्ट्रपति

साल– 1957

राष्ट्रपति- राजेंद्र प्रसाद

पक्ष में- 99.3%

विरोध में- 0.4%

सबसे कम अंतर से जीते राष्ट्रपति

साल– 1969

राष्ट्रपति– वीवी गिरि

पक्ष में- 50.2%विरोध में- 48.7%

साभार: एजेंसियां, सोशल मीडिया नेटवर्क।

About The Author

You may have missed