रामनवमी पर बड़ा हादसा, मंदिर की छत धंसने से 30 से ज्यादा लोग 40 फीट गहरी बावड़ी में गिरे, 12 लोगों की मौत, पढ़ें पूरी खबर..

Spread the love

रामनवमी पर बड़ा हादसा, मंदिर की छत धंसने से 30 से ज्यादा लोग 40 फीट गहरी बावड़ी में गिरे, 12 लोगों की मौत, पढ़ें पूरी खबर..

इंदौर (मध्यप्रदेश):  पहाड़ी खेती, समाचार ( 31, मार्च) मध्य प्रदेश के इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी पर बड़ा हादसा हो गया। छत धंसने से 30 से ज्यादा लोग 40 फीट गहरी बावड़ी में गिर गए थे। इनमें से 12 लोगों की मौत हो गई है। रेस्क्यू टीम ने 20 लोगों को बचा लिया है। अब रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म हो गया है। बावड़ी में चार से पांच फीट पानी है। इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आई।

इंदौर कलेक्टर इलैया राजा ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा- ‘इस मामले की न्यायिक जांच की जाएगी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर कलेक्टर से बात की।मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। हादसे में मृतकों के परिवारों 4-4 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, 20 घायलों को 50000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सपना संगीता रोड स्थित स्नेह नगर में हवन के दौरान हादसा हुआ। कन्या पूजन का कार्यक्रम था, इसलिए मंदिर में भीड़ ज्यादा थी। 30 से ज्यादा लोग बावड़ी की छत पर बैठे थे। तभी ज्यादा वजन होने की वजह से उसकी छत टूट गई। लोग 40 फीट नीचे गिर गए। यह मंदिर करीब 60 साल पुराना है।

मंदिर परिसर में चल रहा खुदाई का काम

समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, मंदिर परिसर में निर्माण और खुदाई का काम चल रहा है। मंदिर परिसर में निर्माण कार्य के चलते भी कुएं की दीवार धंसने से फर्श गिरने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा कुछ लोगों ने चूहों के कारण कुआं खोखला होने की बात भी कही। लेकिन, अभी तक किसी अधिकारी ने हादसे के कारण के बारे में बयान नहीं दिया है।

राष्ट्रपति ने जताया दुख

इंदौर हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति शोक-संवेदनाएं व्यक्ति की, साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की।

पीएम मोदी ने ली हादसे की जानकारी

इंदौर हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सीएम शिवराज से जानकारी ली। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि इंदौर में हुए हादसे से बेहद आहत हूं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात की और स्थिति की जानकारी ली। राज्य सरकार बचाव और राहत कार्य में तेजी से आगे बढ़ रही है।मेरी प्रार्थना उन सभी प्रभावितों और उनके परिवारों के साथ है।

साभार: एजेंसियां, सोशल मीडिया नेटवर्क।

You may have missed