हिमाचल के कई भागों में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, 327 सड़कें अभी भी बाधित, पढ़ें पूरी खबर…..

शिमला: पहाड़ी खेती, समाचार (01, अगस्त )प्रदेश के कई भागों में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 7 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

राज्य के कई भागों में 3,4 व 5 अगस्त को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, आज राजधानी शिमला व आसपास भागों में हल्की धूप खिलने के साथ बादल छाए हुए हैं। सोमवार रात को श्री नयना देवी में 36.8, स्लापड़ मंडी 21.6 और शिमला में 15.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
196 बिजली ट्रांसफार्मर भी बाधित
उधर, जगह-जगह भूस्खलन के चलते मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में 327 सड़कें यातायात के लिए ठप थीं। सबसे ज्यादा सेब बहुल क्षेत्र शिमला में 120 और कुल्लू जिले में 105 सड़कें ठप पड़ी हैं, जिससे बागवानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं, राज्य में 196 बिजली ट्रांसफार्मर व 85 जलापूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं।
मानसून में अब तक 190 लोगों की जान गई, 706 मकान ढहे
इस बार मानसून में 24 जून से 31 जुलाई तक प्रदेश में 5691.79 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। 190 लोगों की जान गई है। 219 लोग जख्मी हुए हैं। बाढ़ से 706 मकान ढह गए, जबकि 7192 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस दौरान भूस्खलन की 76 और अचानक बाढ़ की 53 घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा 244 दुकानें व 2,236 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
22 दिन बाद फोर बाई फोर वाहनों के लिए खुला ग्रांफू-काजा मार्ग
जुलाई के दूसरे सप्ताह में भारी बारिश के चलते बंद हुआ ग्रांफू-काजा मार्ग 22 दिनों बाद बहाल हो गया है। मार्ग में सिर्फ अभी फोर बाई फोर वाहनों की ही आवाजाही हो सकेगी। मार्ग बहाल होने से लाहौल का संपर्क स्पीति से जुड़ गया है। ग्रांफू-काजा सड़क बंद होने से स्पीति का संपर्क लाहौल व मनाली से कटा हुआ था।
साभार: एजेंसियां, अमर उजाला,सोशल मीडिया नेटवर्क।

About The Author
