मोदी जी 20 साल और राज करेंगे तब भी नेहरू को ही दोष देंगे- डॉ. मनमोहन सिंह …..

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पंजाब के लोगों के लिए वीडियो संदेश जारी किया है। इस पर सोशल मीडिया में लोगों ने प्रतिक्रिया दी है।
नई दिल्ली : पहाड़ी खेती, समाचार ( 19, फरवरी ) पंजाब में विधानसभा चुनाव (punjab elections 2022) से पहले पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) ने पंजाब की जनता को वीडियो के जरिए अपना संदेश दिया है।
मनमोहन सिंह ने कहा कि आज की स्थिति बहुत चिंताजनक है क्योंकि सरकार की नीतियों की वजह से कोरोना काल में महंगाई, बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने (बीजेपी) पीएम मोदी की सुरक्षा का मसला उठाकर पंजाब के सीएम और लोगों का अपमान किया। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए मनमोहन सिंह ने कहा कि मौजूदा प्रधानमंत्री अपनी गलतियां मानकर उसे सुधारने की जगह, देश के पहले पीएम नेहरू को जिम्मेदार ठहराते रहते हैं।
अब सोशल मीडिया पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के इस इस वीडियो संदेश की खूब चर्चा हो रही है। बॉलीवुड अभिनेता कमाल खान (KRK) ने भी पूर्व पीएम के इस वीडियो संदेश पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कमाल खान ने ट्विटर पर लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी ने कहा कि बिन बुलाये बिरयानी खाने जाने से रिश्ते अच्छे नहीं होते! मोदी जी अंग्रेजों की तरह फूट डालकर राज कर रहे हैं। देश इस वक्त बहुत गलत हाथों में है। अगर मोदी 20 साल भी राज करेंगे, तब भी नेहरू जी को ही दोष देते रहेंगे!
इतना ही नहीं, कमाल खान ने एक और ट्वीट करते हुए पीएम मोदी पर तंज कसा है। कमाल खान ने लिखा कि अखिलेश यादव “मेड इन इंडिया” साइकिल की सवारी कर प्रचार कर रहे हैं और मोदी जी अपने यूके निर्मित रेंज रोवर का उपयोग करके और इटली में बने रे-बन पहनकर प्रचार कर रहे हैं। तो असली देशभक्त कौन है?
KRK के अलावा अन्य लोग भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। मोहसिना किदवई नाम की यूजर ने लिखा कि मनमोहन जी, मैंने आपका पूरा भाषण सुना। आजकल के हालात का सही खुलासा है। आज मुल्क को ऐसी ही अनुभवी और जिम्मेदार सोच रखने वालों की जरूरत है।
हिम्ज इंडियन नाम के यूजर ने लिखा कि ये वही इकोनॉमिस्ट है, जिनके काल में देश के पास विमान खरीदने के पैसे नही थे और 2008 में मुंबई हमले के बाद देश सिर्फ इनके मंत्रियों के घोटाले की न्यूज सुनता था। 1984 नही भूला है पंजाब, वही कांग्रेस है, जिसने पुलिस को रोके रखा था।
अर्विश यादव नाम के यूजर ने लिखा कि ‘मनमोहन सिंह तभी बोलते हैं जब सोनिया गांधी कहती हैं। इस बार पंजाब में कांग्रेस कमजोर है इसलिए मनमोहन सिंह को मैदान में उतारा गया है’।
संगीता कदम नाम के यूजर ने लिखा कि ‘भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डाॅ. मनमोहन सिंह जी ने जो संदेश दिया हैं वह सभी जनता को सूचित करता है कि भारत देश भयावह स्थिति से गुजर रहा हैं। सामाजिक असमानता बढ़ रही हैं,बेरोजगारी, मंहगाई बढ़ी हैं। समाज के सभी स्तर अस्थिर हैं। बीजेपी सरकार को इस देश में रोकना हैं’।
साभार: जनसत्ता, ट्विटर, सोशल मीडिया नेटवर्क।

About The Author
