हिमाचल विधान सभा घेराव के दौरान युवा कांग्रेस के निगम भंडारी चोटिल-टूटी टांग….

शिमला : पहाड़ी खेती, समाचार ( 15, मार्च ) हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान जबरदस्त बवाल हुआ। विभिन्न मुद्दों को लेकर जय राम सरकार के खिलाफ विधानसभा का घेराव करने पहुंचे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प हुई।
पुलिस के साथ झड़प के दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी चोटिल हो गए और उनके कपड़े तक फट गए।
निगम भंडारी को पुलिस ने हिरासत में लिया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। भंडारी की टांग में चार हफ्ते के लिए प्लासटर लग गया है और वो आईजीएमसी में भर्ती हैं। निगम के अलावा पुलिस ने युकां के कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर समेत आधा दर्जन कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया।
युकां के प्रदर्शन पर सीएम जय राम ठाकुर ने भी चुटकी ली। सीएम ने कहा कि वो ऐसी पार्टी के लोग हैं, जो पूरे देश में खत्म हो रही है।सीएम ने कहा कि उन्हें समझना चाहिए कि कांग्रेस समापन की ओर है और इस स्थिती में बहुत बड़ी बातें न कहें। दरअसल, चौड़ा मैदान में रैली करने के बाद युकां नेता और कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की ओर कूच किया। चौड़ा मैदान में पुलिस ने बैरिकेट लगा रखे थे। कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेट्स के उपर चढ़ गए और बैरिकेट्स को धक्का देना शुरू किया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता पुलिस के सुरक्षा घेरे को तोड़ने में सफल हो गए और विधानसभा के बाहर पहुंच गए और वहां पर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
काफी समय तक खींचतान और हल्की झड़प
पुलिस ने यहां भी बैरिकेट्स लगा रखे थे। मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी समय तक खींचतान और हल्की झड़प होती रही। इस बवाल के दौरान कई कार्यकर्ताओं को हल्की चोटें आई हैं। विधानसभा के बाहर मौजूद पुलिस ने युकां अध्यक्ष समेत अन्य पदाकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
कांग्रेस के कई नेता भी पहुंचे
इस बाबत निगम भंडारी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ धक्के-मुक्की की, चोट लगने के बावजूद आधे-पौने घंटे तक पुलिस की गाड़ी में बिठाए रखा और फर्स्ट एड भी नहीं दी। निगम के मुताबिक काफी समय बाद मौके पर एंबूलेंस बुलाई गई और उन्हें वहां से अस्पताल ले जाया गया। प्रदर्शन से रैली स्थल पर कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू, रोहित ठाकुर, विक्रमादित्य सिंह, सत्तपालय रायजादा समेत अन्य विधायक और नेता पहुंचे।
कांग्रेस नेताओं और युकां नेताओं ने मंच से जय राम सरकार के खिलाफ हल्ला बोला और भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का आहवान किया। युकां ने महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत सरकारी कर्मचारियों के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। बाद में अस्पताल में भर्ती निगम भंडारी से कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री समेत कई नेताओं ने मुलाकात की है।
साभार: News 18, सोशल मीडिया नेटवर्क।

About The Author
