वायरल वीडियो: बदमाशों से भिड़ी BSF जवान की पत्नी, 7 साल की बेटी की हिम्मत देख भागे लुटेरे…..

IMG_20220415_181916
Spread the love

आगरा : पहाड़ी खेती, समाचार ( 15, अप्रैल )  यूपी के आगरा में मां-बेटी का साहस देखकर बदमाशों के हौसले खट्टे कर दिए। नतीजतन दोनों को दुम दबाकर भागना पड़ा। सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात कैद हुई है। मामला वायु विहार (शाहगंज) स्थित बृज विहार कालोनी का है।

यहां दिनदहाड़े बीएसएफ जवान के घर में दो बदमाश घुस गए। बीएसएफ जवान की पत्नी निहत्थी ही तमंचाधारी बदमाशों से भिड़ गईं। बदमाश ने तमंचे की बट से महिला का सिर फोड़ दिया। खून बहने लगा। मां को बदमाशों से भिड़ता देखकर सात साल की बेटी ने भी साहस दिखाया। वह घर से बाहर भागकर सीधे बाहर पहुंची और शोर मचा दिया। बेटी के साहस को देखकर बदमाशों दुम दबाकर भाग गए। हालांकि जाते समय बदमाश एक पर्स ले गए। उसमें नकदी और जरूरी कागजात थे।

घटना मंगलवार दोपहर 2 बजकर 49 मिनट की है। रेखा अपनी बेटी अवनी(07) और श्रव्या (03) के साथ रहती हैं। सास-ससुर कासगंज गांव गए हुए हैं। पति उर्वेश कुमार बीएसएफ में हैं। तैनाती बीकानेर में हैं। रेखा ने पुलिस को बताया कि बेटी अवनी कक्षा तीन में एयरफोर्स स्कूल में पढ़ती है। मंगलवार को अवनी के स्कूल का पहला दिन था। वह श्रव्या को भी साथ ले गई थीं। उसका दाखिला कराया था। लौटते समय उन्होंने रास्ते में एक एटीएम से पांच हजार रुपये निकाले। घर आकर स्कूटर रोका। बेटियां घर के अंदर चली गईं। वह स्कूटर अंदर लेकर आईं। स्कूटर से उतरतीं इससे पहले एक-एक करके दो युवक घर में घुस आए। उन्हें दबोच लिया। एक युवक के हाथ में तमंचा था। उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

बदमाश उन्हें घसीटकर कमरे में ले जाने लगे। वह निहत्थी थीं। हिम्मत दिखाई। बदमाशों से भिड़ गईं। दोनों तरफ से मारपीट होने लगी। इसी बीच बेटी अवनी घर से बाहर की तरफ भागी। बाहर पहुंचकर उसने शोर मचा दिया। बदमाशों को यह पता चल गया। बदमाश गेट तक आए। वह उनके पीछे आईं। एक बार फिर बदमाशों ने उन पर हमला बोला। मारपीट हुई। दोनों बदमाश घबरा गए। घर से बाहर निकल गए। उनका एक साथी बाइक पर मौजूद था। तीनों बदमाश बाइक से भाग गए। तब तक कालोनी में रहने वाले लोग आ गए। पुलिस को सूचना दी।

वारदात सीसीटीवी में कैद

सीओ लोहामंडी अर्चना सिंह ने बताया कि बदमाश पर्स लूटकर ले गए हैं। पर्स में पांच हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड आदि सामान रखा हुआ था। रेखा के घर पांच सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। घटना सीसीटीवी में कैद है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है। एसओजी को भी लगाया गया है।

दहशत में बीती रात

रेखा लहूलुहान थीं। पूरा चेहरा खून से सना हुआ था। मां को इस हालत में देखकर बेटियां फूट-फूटकर रोने लगीं। वे बुरी तरह सहम गई थीं। मां ने उन्हें सीने से लगा लिया। हिम्मत दी। कहा कुछ नहीं हुआ। उधर जानकारी मिलते ही रेखा के ससुरालीजन आ गए। रिश्तेदारों ने बताया कि रेखा रातभर नहीं सो सकीं। उनकी बेटियां अभी तक सहमी हुई हैं।

अवनी ने बचा ली बड़ी वारदात

पुलिस भी यह मान रही है कि सात वर्षीय अवनी के साहस और चतुराई से बड़ी वारदात टल गई। मासूम बिटिया घर से बाहर नहीं भागती तो बदमाश घर में भी लूटपाट करते। उन्हें मौका नहीं मिला। वे घबरा गए। सीसीटीवी फुटेज देखकर पता चला कि बदमाश दो मिनट ही मौके पर रुके थे।

साभार: livehindustan.com, सोशल मीडिया नेटवर्क।

About The Author

You may have missed