हिमाचल विधानसभा चुनाव: CM का चेहरा घोषित नहीं करेगी कांग्रेस….

शिमला : पहाड़ी खेती, समाचार ( 23, अप्रैल ) शुक्रवार को राजधानी शिमला में नादौन विधानसभा क्षेत्र से विधायक और कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सीएम पर जमकर निशाने साधे। साथ ही भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और मुख्य सचिव के मामलों पर भी सीएम पर जुबानी हमला बोला।
ज्ञात हो कि चुनावी वर्ष में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर पर कांग्रेस के हमले तेज हो गए हैं। सुक्खू ने सरकारी क्षेत्र में अवैध भर्तियों का आरोप लगाते हुए कहा कि सिराज और धर्मपुर विधानसभा हलके में चोर दरवाजे से सबसे ज्यादा भर्तियां हुई हैं। सराज मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र है और धर्मपुर जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का विधानसभा हलका है। सुक्खू ने आरोप लगाया कि अपने चहेतों और भाजपा से जुड़े लोगों की भर्ती के लिए नियम ताक पर रखे गए और चोर दरवाजे से भर्तियां करवाईं जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस्तीफा दिया था और अब मुख्य सचिव के खिलाफ पीएमओ से जांच के लिए चिट्ठी आई है। उन्होंने कहा कि सीएम को यही पता नहीं चल पा रहा है कि प्रदेश में कितना भ्रष्टाचार हो रहा है।
सरकार कौन चला रहा है-सुक्खू
महंगाई के मुद्दे पर भी कांग्रेसी दिग्गज ने सीएम के साथ साथ केंद्र सरकार को भी घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को प्रदेश में सवा 4 साल से ज्यादा का समय हो गया है लेकिन अब तक ये पता नहीं चल पा रहा कि सरकार कौन चला रहा है। उन्होंने कहा कि सीएम को दबा दिया गया है, वो कड़े फैसले नहीं ले पाते हैं, सारे फैसले दिल्ली दरबार से लिए जा रहे हैं। सुख्खू ने कहा कि पूरा देश महंगाई की आग में झुलस रहा है, आजादी के बाद साल 2014 तक घरेलू गैल सिलेंडर केवल 400 तक पहुंचा लेकिन 2014 के बाद 8 साल में ही गैस सिलेंडर 400 से 1100 तक पहुंच गया है। सीमेंट के बढ़ते दामों पर उन्होंने कहा कि हिमाचल में तीन सीमेंट प्लांट हैं, सरकार ने कंपनियों को सस्ती जमीन दी और सस्ती दरों पर बिजली दी जा रही है, खनिज हिमाचल के हैं लेकिन हिमाचल में ही सीमेंट मंहगा है। हिमाचल में सीमेंट के दाम साढ़े 450 रू. जबकि चंडीगढ़ समेत पड़ोसी राज्यों में 300 से 350 रू. प्रति बैग मिल रहा है। सुक्खू ने कानून-व्यवस्खा समेत अन्य सभी मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। सुक्खू ने जय राम सरकार को दिशाविहीन करार दिया।
कांग्रेस पर क्या बोले सुक्खू
कांग्रेस संगठन में बदलाव के मुद्दे पर सुक्खू ने कहा कि परिवर्तन निरंतर प्रकिया है। कांग्रेस आलाकमान मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं करेगी, सामूहिक नेतृत्व में विधानसभा के चुनाव जीते जाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल कांग्रेस में 40 साल बाद नई लीडरशिप आई है, 40 साल तक कद्दावर नेता वीरभद्र सिंह का एकछत्र राज रहा है। उन्होंने चुनाव जीतने का दावा किया। साथ ही कहा कि कांग्रेस हर वर्ग का उत्थान करने वाली पार्टी है। सरकार बनने पर ओल्ड पैंशन योजना को बहाल करेगी, ऑउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा और ट्रांसपरेंसी एक्ट लाया जाएगा। इस एक्ट के तहत नेताओं और अधिकारियों को बताना होगा किसने किस तरह से कमाई की, साथ ही उसका पूरा ब्यौरा भी देना होगा।
About The Author
