NHAI : हिमाचल के नौणी-शालाघाट फोरलेन के निर्माण पर खर्च होंगे 2,900 करोड़ रुपये….

नौणी से शालाघाट तक 31 किलोमीटर लंबे फोरलेन निर्माण के लिए टेंडर जुलाई में नेशनल हाईवे अथॉरिटी के दिल्ली मुख्यालय से जारी होगा। करीब 2,900 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन का निर्माण होगा।
नई दिल्ली : पहाड़ी खेती, समाचार ( 27, मई ) हिमाचल प्रदेश के नौणी से शालाघाट तक 31 किलोमीटर लंबे फोरलेन निर्माण के लिए टेंडर जुलाई में नेशनल हाईवे अथॉरिटी के दिल्ली मुख्यालय से जारी होगा।
करीब 2,900 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन का निर्माण होगा। पैकेज नंबर दो को डिजाइन करने वाली कंपनी ने सर्वे पूरा कर एनएचएआई को सौंप दिया है। एनएचएआई के अधिकारी सर्वे रिपोर्ट का अवलोकन कर रहे हैं। फोरलेन को धुंधन से होकर ले जाया जाएगा। भराड़ीघाट, चमाकड़ी पुल और दाड़लाघाट स्टेशन फोरलेन से बाहर हो जाएंगे। नौणी से शालाघाट जाने के लिए पहले वाया दाड़लाघाट 50 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था।
फोरलेन बनने पर नौणी से शालाघाट की दूरी 31 किलोमीटर रह जाएगी। शिमला-मटौर फोरलेन पांच पैकेज में बनेगा। शिमला से मटौर की दूरी 223 किलोमीटर से घटकर 180 किलोमीटर रह जाएगी। समय भी आठ की जगह चार घंटे लगेगा। फोरलेन में 45 मीटर की चौड़ाई का क्षेत्र अधिकृत किया जाएगा। कोरोना काल के बाद अब चुनावी साल में शिमला-मटौर फोरलेन बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है। इसके दो टेंडर हो चुके हैं। रानीताल-कांगड़ा फोरलेन का 18 किलोमीटर का 1,100 करोड़ का टेंडर मार्च 2021 को जारी हो चुका है। इसका निर्माण गाबर कंपनी कर रही है।
रानीताल-हमीरपुर तक 37 किलोमीटर डबल लेन का टेंडर मई 2022 को जारी हुआ है। इसका निर्माण एनजी कंपनी करेगी। इस पर 1,146 करोड़ खर्च होंगे। डबललेन के दोनों तरफ दो पहिया वाहनों के लिए डेढ़-डेढ़ मीटर सड़क अलग से रहेगी।
हमीरपुर-भगेड़ पैकेज के विस्तारीकरण की प्रक्रिया बाद में शुरू होगी। इसका कारण है कि राज्य लोक निर्माण विभाग ने इसे डबल लेन करने में हाल ही में 150 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। लिहाजा, विभाग इसका अभी उपयोग करना चाहता है। शिमला-धर्मशाला फोरलेन के परियोजना निदेशक विक्रम मीणा ने कहा कि नौणी-शालाघाट फोरलेन का टेंडर जुलाई में दिल्ली मुख्यालय से जारी किया जाएगा। 31 किलोमीटर इस पैच पर 2,900 करोड़ की लागत आने का अनुमान है।
साभार: एजेंसियां, अमर उजाला, सोशल मीडिया नेटवर्क।

About The Author
