नहीं रहे भाजपा के कद्दावर नेता प्रवीण शर्मा, आज सुबह – अम्ब स्थित निवास पर ली अंतिम सांस….

IMG_20220804_130641
Spread the love

अम्ब : पहाड़ी खेती, समाचार( 04, अगस्त ) हिमाचल प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष एवं हिमुडा के उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा का आज सुबह निधन हो गया है। वह कुछ समय से अस्वस्थ थे।

वीरवार सुबह उन्होंने अम्ब स्थित निवास पर ही अंतिम सांस ली। धूमल सरकार में खेल व एक्साइज मंत्री रहे प्रवीण शर्मा के निधन की खबर आते ही राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। दोपहर 2:00 बजे उनका अम्ब स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रवीण शर्मा भाजपा के कद्दावर नेता थे। इन्हें प्रो. प्रेम कुमार धूमल का हनुमान भी कहा जाता था। वह 1998 से लेकर 2003 तक धूमल सरकार में खेल व एक्साइज मंत्री रहे थे। प्रवीण शर्मा पूर्व मुख्‍यमंत्री धूमल के बहुत खास व करीबी थे। वह अनुराग ठाकुर के संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रभारी भी रहे। धूमल के पुत्र अनुराग की जीत में भी उनका काफी योगदान रहता था।

इसके बाद प्रदेश भाजपा में कई संगठनात्मक पद संभालने के बाद वे 2007 से 2012 तक प्रदेश हिमुडा के उपाध्यक्ष रहे। वहीं जयराम ठाकुर की मौजूदा सरकार में भी प्रवीण शर्मा हिमुडा के उपाध्यक्ष का पद संभाल रहे थे। उनके निधन पर पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं वित्त आयोग के अध्यक्ष पाल सिंह सत्ती विधायक चिंतपूर्णी बलवीर सिंह चौधरी विधायक गगरेट राजेश ठाकुर, उद्योग विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. रामकमार, जिला भाजपा के अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, जिला ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष जयदेव खट्टा, चिंतपूर्णी भाजपा मडंल अध्यक्ष ठाकुर कुलदीप सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर ने शोक व्यक्त किया

मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर ने इंटरनेट मीडिया के माध्‍यम से अपना शोक संदेश दिया है। उन्‍होंने लिखा है प्रवीण शर्मा के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। पार्टी की मजबूती के लिए उन्‍होंने सदा समर्पण भाव से भूमिका निभाई है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। भाजपा परिवार में उनकी कमी हमेशा खलेगी। ईश्‍वर दिवंगत आत्‍मा को अपने चरणों में स्‍थान दें व शोकग्रस्‍त परिवार और समर्थकों को संबल प्रदान करें।

अनुराग ठाकुर ने भी अपने शोक संदेश में कहा कि हिमाचल प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष, शहरी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, पूर्व मंत्री, भाजपा के समर्पित एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ता, सर्वप्रिय नेता श्री प्रवीण शर्मा जी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है।


प्रवीण जी हिमाचल में राजनीति के वो वटवृक्ष थे जिनके तले अनेक नेताओं को फलने फूलने का अवसर मिला। उनकी सौम्यता, वाकपटुता और अपनत्व का ऐसा असर था कि खुद आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने मन की बात कार्यक्रम में “ मूँछों वाले प्रवीण जी” से सम्बोधित कर उनके साथ बिताए पुराने दिनों को याद किया।


उनका मार्गदर्शन हम सभी के लिए अमूल्य था। उनका जाना मेरी और भाजपा के अनेकों कार्यकर्ताओं की निजी क्षति है। ईश्वर शोकाकुल परिवार और समर्थकों को यह दारुण दुःख सहने की शक्ति, उन्हें सम्बल और प्रवीण जी की दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे।

साभार: एजेंसियां, सोशल मीडिया नेटवर्क।

About The Author

You may have missed