मुख्यमंत्री ने काजा में नौवीं राष्ट्रीय महिला आईस हॉकी चैंपियनशिप का शुभारंभ किया….

लाहौल-स्पीति: (काजा) : । पहाड़ी खेती, समाचार ( 16, जनवरी ) मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला लाहौल-स्पीति स्थित आईस स्केटिंग रिंक काजा में नौवीं राष्ट्रीय महिला आईस हॉकी चैंपियनशिप-2022 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की आईस हॉकी प्रतियोगिता एवं विकास शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आईस हॉकी विश्व के सबसे लोकप्रिय शीतकालीन खेलों में से एक हैं।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवा पीढ़ी में आईस हॉकी को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ क्षेत्र के पर्यटन विकास को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, लद्दाख, कश्मीर और अन्य हिमालयी राज्यों में यह खेल काफी प्रचलित है। उन्होंने कहा कि इस खेल के माध्यम से क्षेत्र के पर्यटन के विकास को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस मेगा आयोजन में हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, लद्दाख, आइटीबीपी लद्दाख, चंडीगढ़ और दिल्ली की टीमें भाग ले रही हैं।

उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के तहत ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक या पैरा-ओलंपिक में स्वर्ण पदक हासिल करने पर तीन करोड़ रूपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। रजत पदक हासिल करने वाले खिलाड़ी को दो करोड़ रूपए और कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी को एक करोड़ रूपए की राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही इन खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 15 लाख रूपए दिए जाएंगे और ओलंपिक, एशियन, कॉमनवेल्थ के पदक विजेताओं को पेंशन प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि अर्जुन अवार्ड, ध्यानचंद अवार्ड और राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड धारकों को मासिक वेतन दिया जाएगा।
इस प्रतियोगिता का पहला मैच दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के मध्य खेला गया जिसमें दिल्ली ने चार-शून्य से जीत हासिल की। दूसरे मैच ने चंडीगढ़ ने तेलंगाना को एक-शून्य से हराया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश आईस हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय डोगरा, महासचिव रजत मल्होत्रा, पांच प्रमुख गोम्पा के प्रमुख, टीएसी के सदस्य राजेंद्र बोध, उपाध्यक्ष तन्योत टाकपा भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
About The Author
