पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र के साथ सड़क हादसा, बहू चित्रा की मौत, पढ़ें पूरी खबर….

अलवर : पहाड़ी खेती, समाचार ( 30, जनवरी ) भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे और पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह और उनकी पत्नी चित्रा सिंह के साथ अलवर में बड़ा सड़क हादसा हो गया है। हादसे में जसवंत सिंह की बहू चित्रा सिंह की मौत हो गई है।
मानवेंद्र सिंह अपनी पत्नी के साथ 2018 में ही बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। मानवेंद्र भी अपने बेटे के साथ घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी अनुसार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर यह सड़क हादसा मंगलवार शाम अलवर के नौगांवा (हरियाणा बॉर्डर) के पास खूशपुरी में हुआ है। हादसे में बाड़मेर के पूर्व सांसद मानवेंद्र की पत्नी चित्रा सिंह का निधन हो गया है। मानवेंद्र सिंह के अलावा उनका बेटा हमीर सिंह भी घायल हो गया है। गाड़ी में मानवेंद्र सिंह का बेटा भी सवार था। दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायलों को अलवर के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि मानवेंद्र सिंह अपनी पत्नी और बेटे के साथ दिल्ली से जयपुर आ रहे थे, लेकिन अचानक से हाईवे पर उनकी गाड़ी पलट गई। हालांकि हादसे की वजह क्या रही है वो अभी साफ नहीं है। हादसे में पत्नी की जान चली गई है तो बेटे हमीर को शरीर में कई जगहों पर चोटें आई हैं। नाक और चेहरे पर चोट लगी हैं।
पूर्व सांसद मानवेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी पसलियां टूट गई हैं। दोनों घायलों का अलवर के सरकारी अस्तपाल में इलाज चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के आला अधिकारी अस्पताल पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि बीजेपी और कांग्रेस दोनों दलों के नेता अस्पताल में मौजूद हैं।
साभार: एजेंसियां, सोशल मीडिया नेटवर्क।

About The Author
